```

देहरादून में पंजीकृत ₹84 लाख 70 हजार की साइबर धोखाधड़ी के मामले में फरार यासीन युसूफ मनेर को एसटीएफ ने महाराष्ट्र से किया गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून 30 अक्टूबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखण्ड द्वारा साइबर अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं साइबर धोखाधड़ी से जुड़े अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसटीएफ की साइबर टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत किए गए हैं, जिसके अनुक्रम में साइबर क्राईम पुलिस स्टेशन देहरादून पर पंजीकृत अभियोग में वांछित अभियुक्त यासीन यूसुफ को दिनांक 26-10-2026 महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त साइबर क्राईम पुलिस स्टेशन देहरादून पर पंजीकृत 02 अभियोगो में वांछित चल रहा था।

प्रकरण का विवरण—

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ. ने जानकारी देतु हुए बताया कि साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून में पंजीकृत मु0अ0सं0 75/2024, धारा 318(4)/61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की विवेचना के दौरान अभियुक्त यासीन युसूफ मनेर पुत्र युसूफ हानीफ मनार, निवासी 143/2, इंद्रानगर, फाटा मलगाव रोड, मिरज, जिला सांगली, महाराष्ट्र, उम्र 45 वर्ष का नाम प्रकाश में आया। विवेचना में पाया गया कि वादी द्वारा सितंबर 2024 में अभियुक्त से संबंधित प्रथम लेयर के बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते में ₹29,50,000/- (उनतीस लाख पचास हजार रुपये) की धनराशि स्थानांतरित की गई थी।
उक्त अभियुक्त साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून में पंजीकृत मु0अ0सं0 71/2024 में भी वांछित था। इस प्रकरण में अभियुक्त को BNSS की धारा 35(3) के अंतर्गत नोटिस प्रेषित किए गए थे, किन्तु नोटिस की सूचना प्राप्त होने के बावजूद वह विवेचना में सहयोग नही कर रहा था तथा नोटिस प्रेषित करने के उपरान्त भी उपस्थित नहीं हुआ। इसके उपरान्त अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु साइबर टीम द्वारा महाराष्ट्र के जिला सांगली पहुंची तथा सुरागरसी-पतारसी के आधार पर दबिश देकर अभियुक्त यासीन युसूफ मनेर को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त-
यासीन युसूफ मनेर पुत्र युसूफ हानीफ मनार, निवासी 143/2, इंद्रानगर, फाटा मलगाव रोड, मिरज, जिला सांगली, महाराष्ट्र, उम्र 45 वर्ष

बरामदगी—
1. धोखाधड़ी में प्रयुक्त 01 मोबाइल फोन व 01 सिम कार्ड

साइबर टीम-
1.निरीक्षक विजय भारती
2.उपनिरीक्षक रमन बिष्ट
3.अपर उपनिरीक्षक गोपाल बिष्ट

*साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत करें:* यदि आप साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के शिकार होते हैं, तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। शीघ्र शिकायत करने से ठगी की धनराशि को रोकने की संभावना बढ़ सकती है